अल्मोड़ा : चौघानबाटा में सड़क के किनारे खुला नाला दे रहा दुर्घटना को दावत, विभाग मौन

अल्मोड़ा: स्थानीय चौघानबाटा में प्रान्तीय खंड लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क के किनारे खोदा गया बढ़ा गढ्ढा लगातार दुर्घटना को दावत दे रहा है।आज महीने से ऊपर का समय बीत जाने के बाद भी इसे अस्थायी रूप से भी ढकने की कोई व्यवस्था सम्बन्धित विभाग द्वारा नही की गयी है। विभाग द्वारा इसे खुला ही छोड़ा गया है। बड़े आश्चर्य की बात है कि आज इतना समय बीत जाने के बाद भी सम्बन्धित विभाग इसका कार्य पूरा नहीं कर पा रहा है।कार्य पूरा ना होने की दशा में विभाग को कम से कम इसे वैकल्पिक व्यवस्था बनाते हुए इसे ढकना चाहिए था।लेकिन सम्बन्धित विभाग ने इसे ढकने की तक जहमत नहीं उठाई।जहां इस खुले गढ्ढे के कारण कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है वहीं दूसरी ओर खादी ग्रामोद्योग की दुकान भी इस गढ्ढे के कारण प्रभावित हो रही है।

कांंग्रेस के नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने भी इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज की

स्थानीय निवासी और कांंग्रेस के नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने भी इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज की है।उन्होंने कहा है कि इतना समय बीत जाने के बाद भी सम्बन्धित विभाग द्वारा यहां पर कार्य पूरा ना किया जाना स्पष्ट रूप से विभाग की उदासीनता को प्रकट करता है।श्री रौतेला ने कहा कि इतना बढ़ा गढ्ढा खुला छोड़ना स्पष्ट रूप से किसी दुर्घटना को दावत देना है।रात के अन्धेरे में स्थिति और अधिक खतरनाक हो सकती है।उन्होंने कहा कि यदि विभाग इस गढ्ढे का कार्य करने में असमर्थ है तो कम से कम वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए जालियों से इस गढ्ढे को पूरी तरह ढके।ताकि कोई अनहोनी ना हो।

कोई भी व्यक्ति गढ्ढे में गिरकर चोटिल हो सकता है

उन्होंने कहा कि यह मार्ग शहर का सबसे व्यस्तम मार्ग है।ऐसे में कोई भी पैदल राहगीर,वाहन चालक इस गढ्ढे में गिरकर चोटिल हो सकते हैं।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सम्बन्धित विभाग इस गढ्ढे का निर्माण कार्य अविलम्ब पूरा कर गढ्ढे को ढकने का कार्य करे।इस गढ्ढे के कारण कोई भी दुर्घटना होने अथवा किसी के चोटिल होने पर पूरी जिम्मेदारी सम्बन्धित विभाग की होगी।उन्होंने कहा कि सम्बन्धित विभाग के अधिकारी स्वयं इस मार्ग से गुजरते हैं परन्तु फिर भी इतना बढ़ा खुला गढ्ढा ढकने के सम्बन्ध में उनके द्वारा कार्यवाही ना किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।