वसुधैव कुटुम्‍बकम् थीम के साथ कल से भारत के हाथ में होगी प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण समूह जी-20 की अध्‍यक्षता…

भारत कल प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण समूह जी-20 की अध्‍यक्षता ग्रहण करेगा। भारत की एक वर्ष की अध्‍यक्षता अवधि अगले वर्ष 30 नवम्‍बर तक चलेगी। इस दौरान देश के विभिन्‍न स्‍थानों में 32 अलग-अलग सेक्टर की लगभग दो सौ बैठकें होंगी। भारत की मेज़बानी में अगले वर्ष जी-20 शिखर सम्‍मेलन सर्वाधिक महत्‍वपूर्ण अंतर्राष्‍ट्रीय आयोजन होगा।

प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्‍यवस्‍थाओं का अंतर-सरकारी फोरम

जी-20 विश्‍व की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्‍यवस्‍थाओं का अंतर-सरकारी फोरम है। इसमें 19 देश और यूरोपीय संघ शामिल है। वैश्विक सकल घरेलू उत्‍पाद का 85 प्रतिशत, अंतर्राष्‍ट्रीय व्‍यापार का 75 प्रतिशत और दुनिया की आबादी का दो तिहाई हिस्‍सा जी-20 देशों का होने के कारण यह अंतर्राष्‍ट्रीय आर्थिक सहयोग के लिए महत्‍वपूर्ण मंच है।

भारत की जी-20 अध्‍यक्षता की थीम – वसुधैव कुटुम्‍बकम् 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत की जी-20 अध्‍यक्षता के लोगो, थीम और वेबसाइट का आठ नवंबर को अनावरण किया था। भारत की अध्‍यक्षता में जी-20 का लोगो राष्‍ट्रीय ध्‍वज के केसरिया, सफेद और हरे तथा नीले रंग से प्रेरित है। जी-20 लोगो के नीचे देवनागरी लिपि में भारत लिखा है। भारत की जी-20 अध्‍यक्षता की थीम – वसुधैव कुटुम्‍बकम् यानि एक पृथ्‍वी एक परिवार, एक भविष्‍य प्राचीन महा-उपनिषद से ली गई है।

अध्‍यक्षता की वेबसाइट

भारत की अध्‍यक्षता की वेबसाइट www.g20.in कल से जी-20 अध्‍यक्षता की वेबसाइट www.g20.org में स्‍थानांतरित हो जाएगी। जी-20 के बारे में सभी जानकारी उपलब्‍ध कराने के अलावा यह वेबसाइट समस्‍त सूचनाओं के संग्रह के रूप में भी काम करेगी।