भारत को मिली पहली डेंगू वैक्सीन: CDSCO ने देश की पहली डेंगू वैक्सीन ‘QDENGA’ को दी मंजूरी, 84% घटेगा अस्पताल में भर्ती होने का खतरा

​देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। देश में डेंगू के बढ़ते मामलों और हर साल मानसून के दौरान अस्पतालों पर पड़ने वाले भारी दबाव के बीच भारत ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

मिली मंजूरी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (CDSCO) ने जापानी फार्मास्यूटिकल कंपनी टाकेडा की डेंगू वैक्सीन ‘QDENGA’ (TAK-003) को हरी झंडी दे दी है। इसके साथ ही यह भारत में मंजूर होने वाली पहली डेंगू वैक्सीन बन गई है। हैदराबाद की कंपनी Biological E टाकेडा के साथ मिलकर हर साल इस वैक्सीन की 5 करोड़ डोज बनाएगी। फरीदाबाद के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. चारू दत्त के अनुसार, QDENGA एक लाइव-एटेन्यूएटेड टेट्रावैलेंट वैक्सीन है।

देती है यह सुरक्षा

यह डेंगू वायरस के चारों सीरोटाइप (DENV-1, DENV-2, DENV-3, DENV-4) से सुरक्षा देती है। पुरानी वैक्सीन (डेंगवैक्सिया) के विपरीत, QDENGA लगवाने से पहले यह जांचने के लिए ब्लड टेस्ट की जरूरत नहीं है कि मरीज को पहले कभी डेंगू हुआ था या नहीं। फेज-III ट्रायल्स (TIDES) के अनुसार, यह वैक्सीन डेंगू के कारण अस्पताल में भर्ती होने के जोखिम को 84% तक घटाती है। यह टीका त्वचा के नीचे (सबक्यूटेनियस) 3 महीने के अंतराल पर 2 डोज में दिया जाता है। अभी भारत में इसकी आधिकारिक कीमत घोषित नहीं की गई है। भारत से पहले इसे यूरोपीय संघ (EU), यूके, ब्राजील, इंडोनेशिया और अर्जेंटीना समेत 40 से अधिक देशों में मंजूरी मिल चुकी है।