उत्तराखंड: भारतीय सेना में चार साल का सफल सेवाकाल पूरा कर लौटने वाले अग्निवीरों के भविष्य को संवारने के लिए उत्तराखंड सरकार ने बड़ी योजना तैयार की है।
बड़ी योजना की तैयारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके लिए राज्य में प्रस्तावित अग्निवीर रोजगार सेल (ARC) का रोडमैप पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। इसका उद्देश्य अग्निवीरों के सैन्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और कौशल का उपयोग कर उन्हें सरकारी व निजी क्षेत्रों में रोजगार से जोड़ना है।
दी यह जानकारी
इस संबंध में उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष कर्नल (सेनि) अजय कोठियाल ने प्रेस क्लब में इस विस्तृत कार्ययोजना की जानकारी दी। बताया कि सेना से अग्निवीरों का पहला बैच 31 दिसंबर को उत्तराखंड लौटेगा, जिसमें लगभग 1,200 युवा शामिल होंगे। कर्नल कोठियाल के अनुसार, अग्निवीरों की रुचि, योग्यता और सेना के अनुभव का आकलन कर उन्हें सही जगह अवसर दिए जाएंगे। जिसमें आपदा प्रबंधन, पर्यटन, होटल उद्योग, सुरक्षा सेवाएं, लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण, बुनियादी ढांचा, कृषि और खेलकूद जैसे 50 से अधिक रोजगार क्षेत्रों की पहचान की गई है। उद्योगों की मांग के अनुसार अग्निवीरों को तैयार करने के लिए अल्पकालिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अग्निवीर रोजगार सेल सीधे सीएमओ (CMO) की निगरानी में काम करेगा, जिससे विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय रहेगा और समस्याओं का तेजी से समाधान होगा। साथ ही सेल के माध्यम से निजी और कॉर्पोरेट सेक्टर के साथ मिलकर भी रोजगार के अवसर विकसित किए जाएंगे।