April 16, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

पाकिस्तान में अफगान राजदूत की बेटी के अपहरण के बाद भारतीय दूतावास अलर्ट

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से अफगानिस्तान के राजदूत की बेटी को अगवा कर बुरी तरह से मारपीट किए जाने की घटना सामने आने के बाद भारतीय मिशन, उनके परिवार के सदस्यों और कर्मचारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। सुरक्षा की दृष्टि से ज्यादा सतर्कता बरतने को कहा गया है।

पांच घंटे बाद अपहरणकर्ताओं ने रिहा किया, जांच में सिर पर प्रहार के निशान

गौरतलब है कि अफगानिस्तान के राजदूत की बेटी सिलसिला अलीखिल (26) को इस्लामाबाद में शुक्रवार को अगवा कर उनके साथ बुरी तरह से मारपीट की गयी। लगभग पांच घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद अपहरणकर्ताओं ने उन्हें रिहा किया। अस्पताल की रिपोर्ट के मुताबिक उनके सिर पर प्रहार किये गए और मारपीट के निशान मिले हैं। शरीर की कुछ हड्डियां भी टूटने का अंदेशा है। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अफगानिस्तान विदेश मंत्रालय ने कड़ी निंदा की, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

अफगानिस्तान विदेश मंत्रालय ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पाकिस्तान में अपने राजदूत और दूसरे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी है। अफगानिस्तान विदेश मंत्रालय ने घटना की तत्काल जांच की मांग करते हुए कहा कि अलीखिल को बुरी तरह प्रताड़ित किया गया। मंत्रालय ने इस्लामाबाद में अपने राजदूत व कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। मंत्रालय की तरफ से पाकिस्तान सरकार से दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सजा दिये जाने की मांग की गयी है।