विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम सर्बिया हुई रवाना, पहली बार कुल 13 भारतवर्ग में भारतीय मुक्केबाज लेंगे हिस्सा

सर्बिया के बेलग्रेड में आगामी 24 अक्टूबर से आयोजित होने जा रही विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2021 के लिए भारतीय टीम रवाना हो गई है। इस चैंपियनशिप में पहली बार कुल 13 भारतवर्ग में भारतीय मुक्केबाज हिस्सा लेंगे। भारत की ओर से प्रतिभाग करने जा रही इस 13 सदस्यीय टीम में 10 मुक्केबाज हरियाणा से और पंजाब, उत्तर प्रदेश और असम से 1-1 मुक्केबाज शामिल हैं। नई दिल्ली एयरपोर्ट से भारतीय टीम ने कल सर्बिया के लिए उड़ान भरी।

प्रशिक्षण शिविर पटियाला में चल रहा था

भारतीय दल का प्रशिक्षण शिविर पटियाला में चल रहा था। इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ ने घोषणा करते हुए बताया था कि विश्व चैंपियनशिप के 2021 आधिकारिक दस्ताने अब लाल और नीले रंग की जगह सफेद रंग के होंगे। इस बार की वर्ल्ड चैंपियनशिप में टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले मुक्केबाज नहीं जा रहे हैं। यह प्रतिस्पर्धा 24 अक्टूबर से शुरू होगी और 6 नवंबर तक चलेगी। भारतीय मुक्केबाज इस चैंपियनशिप में 48, 51, 54, 57, 60, 63.5, 67, 71, 75, 80, 86, 92 और 92+ किलोग्राम की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

भारतीय मुक्केबाजों का दल

48 किग्रा – गोविंद साहनी (यूपी)
51 किग्रा – दीपक भोरिया हिसार (हरियाणा)
54 किग्रा – आकाश राजपूत भिवानी (हरियाणा)
57 किग्रा – रोहित मोर सोनीपत (हरियाणा)
60 किग्रा – वरिंद्र सिंह (पंजाब)
63.5 किग्रा – शिवा थापा (असम)
67 किग्रा – आकाश सांगवान करनाल (हरियाणा)
71 किग्रा – निशांत देव करनाल (हरियाणा)
75 किग्रा – सुमित कुंडू जींद (हरियाणा)
80 किग्रा – सचिन दहिया सोनीपत (हरियाणा)
86 किग्रा – लक्ष्य चाहर चरखी दादरी (हरियाणा)
92 किग्रा – संजीत सिंगरोह रोहतक (हरियाणा)
92 प्लस – नरेंद्र बेरवाल हिसार (हरियाणा)

इन राज्यों से खेलते हैं खिलाड़ी

दीपक भोरिया, आकाश राजपूत, आकाश सांगवान, लक्ष्य चाहर, संजीत सिंगरोहा, सुमित कुंडू, सचिन दहिया और नरेंद्र बेरवाल सेना की तरफ से खेलते हैं, जबकि गोविंद साहनी और वरिंद्र सिंह रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हैं। करनाल से निशांत देव कर्नाटक की ओर से खेलते हैं। रोहित मोर मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं, मगर वह दिल्ली की ओर से राज्य स्तर पर खेल चुके हैं।