काशीपुर: दहेज उत्पीड़न के मामले में पति समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज.. मामले की जांच शुरू

ऊधम सिंह नगर से जुड़ी खबर सामने आई है यहां काशीपुर में एक विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज में 5 लाख रूपये व कार न लाने पर उसके साथ मारपीट कर उसका गर्भवस्थ शिशु की हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ छतनामजद मुकदमा दर्ज किया है।

दहेज में 5 लाख रुपए व डिजायर कार की गई मांग

अम्बा विहार प्रकाश सिटी निवासी प्रियंका पुत्री सुरेन्द्र सिंह ने पुलिस को तहरीर सौंपी। कहा कि उसका विवाह बीती 11 दिसंबर 2021 को आईटीआई थाना क्षेत्र के महादेवनगर निवासी हिमांशु मेहता पुत्र प्रेम सिंह मेहता के साथ हुआ था। मायके पक्ष ने विवाह में उपहार स्वरूप दान दहेज भी दिया था। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसका पति हिमांशु मेहता, ससुर प्रेम सिंह मेहता, सास दीपा मेहता, देवर सुधांशु मेहता, चचेरे जेठ मनीष मेहता व आवास विकास निवासी सुनीता पत्नी जीवन व मनीष मेहता दहेज में पांच लाख रूपये की नकदी व डिजायर कार की मांग कर उत्पीड़न करने लगे।

पीड़िता ने दहेज की मांग करते हुए लगाया मारपीट का आरोप

ससुराली उसे मानसिक रोगी घोषित करने का प्रयास करने लगे। बीती 19 फरवरी 2022 को जबरदस्ती मानसिक रोग डॉक्टर के पास ले गये। जहां डॉक्टर को पैसा देकर मानसिक रोगी ठहराने का प्रयास किया गया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। जब वह अपने मायके में थी, तब 28 मई को ससुर प्रेम सिंह मेहता व पति हिमांशु मायके आये। जहां दहेज की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट की। जिससे उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू

पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 498ए, 323, 504, 506 आईपीसी व 3/4 दहेज एक्ट में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।