शादी–विवाह का सीज़न चल रहा है और देश के कोने कोने से जोड़े शादी के पवित्र बंधन में बंध कर प्रेम से अपने वैवाहिक जीवन की शुरुवात कर रहे हैं, लेकिन क्या होगा जब इस पवित्र बंधन की बुनियाद झूठ पर टिकी हुई हो। जी हाँ, हम बात कर रहे हैं एक ऐसे ही रिश्ते की जो झूठ की बुनियाद पर बनने जा रहा था।
बारात लेकर आए दूल्हे की पोल खुलने पर दुल्हन ने मंडप से वापस लौटाया
प्रदेश की राजधानी देहरादून में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें दूल्हा जब बारात लेकर दूल्हन के घर पहुंचा तो उसका झूठ सबके सामने आ गया और दुल्हन ने तुरंत उससे शादी करने से इनकार कर दिया। दरअसल, दुल्हन पेशे से डॉक्टर है, और दूल्हे ने झूठ बोल कर अपने आप को सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल बताया था। पिछले दो वर्षों में दोनों के बीच आपस में बातचीत होती रही और इस बीच कई बार एक दूसरे से उनकी मुलाकात भी हो चुकी थी। बाद में दोनों ने एक दूसरे को पसंद कर लिया और शादी करने के लिये राज़ी हो गए।
ऑनलाइन वेबसाइट पर खुद को सेना का अफसर बता कर महिला चिकित्सक को शादी के लिए मनाया
सूचना के अनुसार एक महिला डॉक्टर की ऑनलाइन वेबसाइट जीवनसाथी डॉट काम पर मोहकमपुर निवासी रोहित राणा मूल निवासी कालीमठ रुद्रप्रयाग से मुलाकात हुई। जिसमें रोहित ने स्वयं को सेना का लेफ्टिनेंट कर्नल बताया और अपनी तैनाती जम्मू कश्मीर में बताई। दोनों परिवारों की तरफ से बातचीत होने के बाद शनिवार को दोनों की शादी होना तय हुआ था।
शादी में आए मेहमान की सूझबूझ ने दुल्हन को धोखे से बचाया
शनिवार जब रोहित बारात लेकर देहरादून राजपुर रोड स्थित एक होटल में बनाये गये विवाह स्थल पहुंचा तो दुल्हन पक्ष से आये एक मेहमान को शक हुआ। जो स्वयं भी सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं, उन्होंने रोहित से पूछा कि आप किस पलटन में हैं, रोहित की ओर से दिए जवाब के बाद मेहमान ने पलटन से संपर्क करके पूछताछ की तो पता चला कि पलटन में कोई भी रोहित नाम का लेफ्टिनेंट कर्नल है। इसके बाद पोल खुल गयी। आरोपित का झूठ पकड़ा जाने पर दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। शहर कोतवाल विद्याभूषण नेगी ने बताया है कि दुल्हन ने रोहित के खिलाफ तहरीर दी है, जिस पर पुलिस की तरफ से जांच शुरू कर दी गई है।