लखनऊ अग्निकांड: अलीगंज की इमारत में भीषण आग से 15 युवाओं की मौत, पीएम नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी ने जताया दुख

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज (पुरनिया इलाका) स्थित उषा मेहता मार्ग पर सोमवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई।

15 लोगों की मौत

इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारियों के मुताबिक, सभी मृतकों की उम्र 20 से 24 साल के बीच है। शुरुआत में इस जगह के कोचिंग सेंटर या लाइब्रेरी होने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन बाद में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक पेट शॉप थी और ऊपरी मंजिल पर एक एनिमेशन सेंटर संचालित हो रहा था, जहां ये सभी कर्मचारी काम कर रहे थे। अग्निशमन विभाग को दोपहर करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली। दमकल कर्मियों ने सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर सीढ़ियों के सहारे बाहर से इमारत पर चढ़कर और बगल की ऊंची इमारत से रास्ता बनाकर अंदर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया।

प्रशासन ने की पुष्टि

रिपोर्ट्स के मुताबिक डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक करीब 4 घंटे तक मौके पर डटे रहे। उन्होंने शुरुआती तौर पर 14 बच्चों की मौत की जानकारी दी थी, जिसके बाद केजीएमयू (KGMU) अस्पताल ने मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 15 होने की पुष्टि की। डिप्टी सीएम ने कहा, “आग अचानक लगी; यह एक एनिमेशन सेंटर था। बच्चे यहां एनिमेशन यानी कार्टून बनाना सीखने आते थे। फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राहत और बचाव कार्य पूरा हो चुका है और स्थिति नियंत्रण में है।
​सीएम योगी आदित्यनाथ ने बीच में छोड़ा अलीगढ़ दौरा

​इस हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ का लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम बीच में ही रद्द कर दिया और शाम को सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने नौजवानों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहन संवेदनाएं हैं। पुलिस महानिदेशक (DGP) और अपर मुख्य सचिव (गृह) को मौके पर जाकर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले की पूरी तह में जाकर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

​PMO और राहुल गांधी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

​इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस हादसे पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन हर पहलू से जांच में जुटा है कि आग लगने की मुख्य वजह क्या थी और क्या इमारत में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।