बड़ी राहत: अल्मोड़ा में 4 दिनों से बंद चौसली-क्वारब वैकल्पिक मार्ग खुला, वाहनों की शुरू हुई आवाजाही

अल्मोड़ा: मौसम और भूस्खलन के कारण पिछले चार दिनों से बंद पड़ा चौसली-क्वारब वैकल्पिक मार्ग आज रविवार सुबह से यातायात के लिए फिर से पूरी तरह सुचारू हो गया है।

खुला मार्ग

इस मार्ग के खुलने से अल्मोड़ा और हल्द्वानी के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही, मुख्य अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर भी क्वारब के रास्ते वाहनों का संचालन लगातार जारी है। दोनों मार्ग चालू होने से यात्रियों का सफर अब आसान हो जाएगा। दरअसल हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण चौसली-क्वारब वैकल्पिक मार्ग पर कई स्थानों पर पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा आ गया था। लगातार गिरते पत्थरों और मलबे के कारण यह मार्ग सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक हो गया था। संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने बुधवार से शनिवार तक (चार दिन) इस मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया था। मार्ग को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से लगातार काम किया गया, जो शनिवार शाम तक पूरा कर लिया गया। शनिवार को मार्ग से मलबा हटाने का काम शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया, जिसके बाद रविवार को यातायात बहाल हुआ।

​अधिकारी का बयान

चौसली-क्वारब वैकल्पिक मार्ग से मलबा हटाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। रविवार सुबह 8:00 बजे से ही इस मार्ग को आम यातायात के लिए खोल दिया गया है। यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सफर की सुविधा देने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।”
के.जी. गोस्वामी, सहायक अभियंता, लोनिवि (प्रांतीय खंड, अल्मोड़ा)