उत्तराखंड: उत्तराखंडी सिनेमा के लिए आज का दिन एक बड़े मील के पत्थर के रूप में दर्ज हो गया है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ ने फीचर फिल्म श्रेणी के तहत सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म का प्रतिष्ठित ‘सिल्वर लोटस अवॉर्ड’ (रजत कमल) जीता है।
बताई बड़ी उपलब्धि
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को बधाई दी है और इसे क्षेत्रीय सिनेमा के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर अपनी खुशी साझा करते हुए लिखा कि यह सम्मान केवल एक फिल्म की सफलता नहीं है, बल्कि पूरे उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्रीय सिनेमा की विशिष्ट पहचान का प्रतीक है। उन्होंने फिल्म के निर्देशक, निर्माता, कलाकारों और पूरी निर्माण टीम को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड की लोकभाषा और संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम है।