देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चशोती में बादल फटने से मचैल मंदिर मार्ग पर तबाही मची है।
बादल फटने से तबाही
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बाद अब जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से बड़ी तबाही मची है। बीते कल गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के चशोती इलाके में बाढ़ आ गई। गुरुवार की दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर मचैल माता मंदिर जाने वाले मार्ग में पड़ने वाले चशोती गांव में यह आपदा आई। किश्तवाड़ में बादल फटा और मचैल माता मंदिर के यात्रा मार्ग पर दो मिनट के अंदर पत्थर और मलबा का सैलाब आ गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हादसे में 46 लोगों को मौत हो गई। इसमें CISF के दो जवान भी शामिल हैं। हादसे के दौरान मची तबाही में 100 लोग घायल हैं, जिसमें से 37 लोग की हालत गंभीर है। घायलों को किश्तवाड़ के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगभग 70 से 80 लोगों का इलाज पड्डार के उप-जिला अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा 200 लोग लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस-प्रशासन द्वारा लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जिसमें राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, सेना और स्थानीय वॉलनटिअसर्स राहत बचाव कार्य में लगे हुए है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुवार को लोगों और तीर्थयात्रियों की मदद के लिए एक कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क बनाई गई है। कंट्रोल रूम में पांच अधिकारियों को तैनात किया गया है। लोग 9858223125, 6006701934, 9797504078, 8492886895, 8493801381, और 7006463710 पर संपर्क कर सकते हैं। इनके अलावा, जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 01995-259555 और 9484217492 हैं, तथा किश्तवाड़ के पुलिस नियंत्रण कक्ष का नंबर 9906154100 है।
यह कार्यक्रम रद्द
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस त्रासदी के बाद जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज 15 अगस्त को होने वाली एट होम चाय पार्टी व स्वतंत्रता दिवस के मौके पर होने वाले समारोह के सास्कृतिक कार्यक्रमों को भी रद्द कर दिया है। इस घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शोक जताया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री से बात की और हर संभव मदद का आश्वसन दिया है।