नैनीताल: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘ईंधन बचाओ’ की अपील पर अमल करते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SLSA) ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनूठी पहल की है।
यह खास पहल
इसके तहत मुख्य न्यायाधीश के निर्देशानुसार आज शुक्रवार को हाईकोर्ट के न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी पैदल या साइकिल से कार्यालय पहुंचकर ईंधन बचाने का संदेश देंगे। जानकारी के अनुसार जिसमें शुक्रवार सुबह 10 बजे मुख्य न्यायाधीश समेत सभी न्यायाधीश और कर्मचारी पैदल ही कोर्ट परिसर पहुंचेंगे।
भवाली और हल्द्वानी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले अधिवक्ताओं के लिए वर्चुअल मोड में सुनवाई में शामिल होने की सुविधा दी गई है। रजिस्ट्रार प्रोटोकॉल राहुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ऊर्जा की बचत और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना है।
‘सुरक्षित ईंधन-सुरक्षित जीवन’ अभियान
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) ने भी इस मुहिम को विस्तार देते हुए 15 मई, 2026 से एक महीने का राज्यव्यापी जागरूकता अभियान शुरू किया है। सालसा के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी ने बताया कि इस अभियान के तहत राज्यभर के सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सोमवार और शनिवार को न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और वादकारी निजी वाहनों के बजाय वैकल्पिक साधनों का उपयोग करेंगे।