उत्तराखंड: उत्तराखंडी फिल्म ‘तेरी माया’ आज से मॉल ऑफ देहरादून में, रिश्तों और संस्कृति की दिखेगी यह खास झलक

उत्तराखंड: उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, अटूट पारिवारिक मूल्यों और भावनात्मक रिश्तों के ताने-बाने से बुनी नई फिल्म ‘तेरी माया’ आज शुक्रवार को बड़े पर्दे पर दिखेगी।

एक सप्ताह तक लगेगी फिल्म

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लगनी फिल्म्स के बैनर तले निर्मित यह फिल्म मॉल ऑफ देहरादून में एक सप्ताह तक प्रतिदिन शाम 4:40 बजे के शो में दर्शकों को दिखाई जाएगी। फिल्म का लेखन और निर्देशन संजय सिंह नेगी ने किया है, जिन्होंने पहाड़ की अनकही दास्तानों को पर्दे पर उतारने का प्रयास किया है। फिल्म में उत्तराखंड के अनुभवी और युवा कलाकारों की फौज नजर आएगी, जिनमें सावन गैरोला, भावना कांडपाल, साक्षी काला, पन्नू गुसाईं, नताशा शाह, मोहित घिल्डियाल और प्राची पंवार मुख्य भूमिकाओं में हैं।

रिश्तों की गहराई को बयां करती कहानी

बताया कि ‘तेरी माया’ केवल एक मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह प्यार, त्याग और रिश्तों की गहराई को बयां करने वाली एक संवेदनशील कहानी है। जो पहाड़ों के पलायन और आधुनिकता के बीच खोते जा रहे पारंपरिक पारिवारिक रिश्तों की अहमियत को रेखांकित करती है। फिल्म की टीम ने स्थानीय जनता से सिनेमाघरों में पहुंचकर अपनी बोली-भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील की है।