अल्मोड़ा: कर्नाटक खोला-रेलापाली मार्ग निर्माण से क्षतिग्रस्त भवनों को मिलेगा मुआवजा, नौलों व रास्तों का होगा सुधारीकरण

पार्षद की गुहार पर डीएम ने भेजे अफ़सर

​अल्मोड़ा: कर्नाटक खोला-रेलापाली लिंक मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान हुई कटिंग से प्रभावित दो भवनों, स्थानीय नौलों और पैदल रास्तों की समस्या को लेकर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।

दिए यह निर्देश

जिस पर पार्षद अमित साह ‘मोनू’ की पहल पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश के बाद शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावितों को जल्द मुआवजा व निस्तारण का आश्वासन दिया। सड़क निर्माण के दौरान हुए नुकसान से परेशान भवन स्वामियों और स्थानीय निवासियों ने पार्षद अमित साह मोनू से गुहार लगाई थी। पार्षद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह से मुलाकात कर प्रभावित परिवारों की पीड़ा उनके समक्ष रखी। डीएम अंशुल सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए लोनिवि के अधिशासी अभियंता को मौके पर जाकर क्षति का सही आंकलन करने के निर्देश दिए।
​लोनिवि टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण

​डीएम के निर्देश पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचे और प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। अधिशासी अभियंता ने दोनों क्षतिग्रस्त भवनों के नुकसान का आंकलन करते हुए प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
​होगा निस्तारण

​निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क कटिंग से क्षतिग्रस्त हुए पारंपरिक नौलों, पैदल मार्गों और बेतरतीब ढंग से फैले मलबे (मिट्टी) की समस्या भी रखी। इस पर अधिकारियों ने नौलों व रास्तों का सुधारीकरण कराने और फैली मिट्टी को जल्द हटवाने का भरोसा दिया।

रहें उपस्थित

त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय निवासियों ने पार्षद अमित साह मोनू, जिलाधिकारी अंशुल सिंह और लोनिवि टीम का आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान पार्षद अभिषेक जोशी, स्थानीय निवासी नरेन्द्र बिष्ट और लोनिवि के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।