नैनीताल: ​मां नंदा-सुनंदा महोत्सव 2026: सुरक्षा से लेकर यातायात तक, नैनीताल पुलिस ने संभाला मोर्चा, अलर्ट मोड पर पुलिस

नैनीताल: मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

यातायात व्यवस्था के इंतजाम

जिस पर मेला कमेटी के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सुरक्षा, जन-सुविधा और यातायात व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
​वहीं माता की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भीड़ प्रबंधन और सुगम दर्शन के लिए एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी और सीओ भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस बल मेला क्षेत्र में लगातार तैनात है।

कंट्रोल रूम से निगरानी

मेला परिसर में सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। मेले में बिछड़ने वाले बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को उनके परिजनों से मिलाए जाने हेतु विशेष रूप से ‘खोया-पाया केंद्र’ स्थापित किया गया है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को निर्बाध रखने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों पर कहीं भी जाम की स्थिति बनते ही पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुँचकर यातायात सुचारू करा रही हैं।

नैनीताल पुलिस की अपील

पुलिस प्रशासन ने मेले में पहुँच रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे अपनी कीमती वस्तुओं, बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य बनाए रखें, पुलिस-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी व्यक्ति के बिछड़ने पर तुरंत खोया-पाया केंद्र या नजदीकी पुलिसकर्मी से संपर्क करें।