अल्मोड़ा: ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत जनपद अल्मोड़ा में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत व्यापक स्तर पर साफ-सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) रामजी शरण शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस अभियान में जिला कार्यालय परिसर और जनपद की सभी तहसीलों में अधिकारियों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अभियान के दौरान जिला कार्यालय परिसर में व्यापक सफाई की गई, जिससे अनावश्यक सामग्री और कूड़े का सही तरीके से निस्तारण हुआ। विशेष रूप से जिला कार्यालय के अभिलेख कक्षों (रिकॉर्ड रूम) में सफाई अभियान चलाकर नियम अनुसार पुराने व निष्प्रयोज्य अभिलेखों को हटाकर कक्षों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित किया गया।
किया श्रमदान
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि एक निरंतर अपनाई जाने वाली जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह प्रतिबंधित करने और इसके स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने का संकल्प भी लिया गया। जिला कार्यालय में आयोजित इस अभियान में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से श्रमदान किया।