अल्मोड़ा: सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के सभी 1,860 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज रविवार को विकास भवन में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
दिए यह निर्देश
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। इस बैठक के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-सामान्य तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित कर सम्मानित करना है। अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में टेक होम राशन वितरण, पोषण आहार, जन्मोत्सव, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और बच्चों की वृद्धि निगरानी जैसी कई गतिविधियां चलाई जाएंगी। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता में स्थानीय समुदाय और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी तय की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं व बच्चों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह आयोजन केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी कर लाभार्थियों तक योजनाओं का पारदर्शी लाभ पहुंचाया जाए।
रहें उपस्थित
इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद और भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल समेत कई प्रमुख अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।