नैनीताल: आज NEET (UG) Re-Exam 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
पुलिस अलर्ट मोड पर
जनपद नैनीताल के 11 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए जनपद के सभी 11 परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता BNSS की धारा 163 (पूर्ववर्ती CrPC की धारा 144) प्रभावी कर दी गई है।
परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में निम्नलिखित गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगी।
• भीड़ पर रोक: परीक्षा केंद्र के आसपास अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्रित करने की अनुमति नहीं होगी।
• ध्वनि विस्तारक यंत्र: लाउडस्पीकर या किसी भी प्रकार के शोर मचाने वाले उपकरणों का प्रयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा।
• प्रदर्शन पर प्रतिबंध: परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार का धरना, प्रदर्शन, जुलूस या नारेबाजी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
• सार्वजनिक गतिविधियां: शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी प्रकार की सार्वजनिक गतिविधि पर पूरी तरह रोक रहेगी।