नैनीताल: नगर पालिका के फैसले के विरोध में व्यापारियों ने जताया आक्रोश, व्यापार बंदी की दी चेतावनी

नैनीताल से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां नैनीताल में नगर पालिका की ओर से ट्रेड टैक्स एवं दुकानों का किराया बढ़ाए जाने पर व्यापारियों में आक्रोश बना हुआ है।

व्यापारियों में आक्रोश

जिस पर नगरपालिका के विरोध में बड़ी संख्या में शहर के कारोबारी श्रीराम सेवक सभा में एकत्रित हुए, जहां से नगर पालिका तक जुलूस निकाला गया। जिस पर व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन सिंह नेगी तथा महामंत्री त्रिभुवन फर्त्याल ने कहा कि पूर्व में नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित ट्रेड टैक्स एवं आवंटित व्यापारिक प्रतिष्ठानों के किराया वृद्धि के संदर्भ में मल्लीताल व्यापार मंडल द्वारा लिखित एवं मौखिक दोनों ही माध्यम से आपत्तियां दर्ज कराई गई थी। लेकिन इसके बावजूद पालिका प्रशासन ट्रेड टैक्स एवं किराया वृद्धि के प्रस्ताव को आगामी वित्तीय वर्ष से लागू करने जा रही है। कहा कि 1926 म्यूनिसिपैलिटी एक्ट (उत्तर प्रदेश) एवं नगरपालिका बाइलॉज के अनुरूप भी किसी भी कर को लागू करने से पूर्व स्थानीय प्रशासन को न केवल आपत्तियों का निस्तारण करना होता है। बल्कि साथ ही प्रस्तावित कर स्थानीय निकाय द्वारा उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं का भी उल्लेख करना होता है। पालिका द्वारा पूर्व में आवंटित दुकानों के आवंटन पत्र में प्रत्येक 5 वर्षों के बाद 15 से 25 प्रतिशत तक की वृद्धि का उल्लेख है। बावजूद उसके नई व्यवस्था के अनुरूप किराए का निर्धारण करना औचित्यहिन है। छोटे-मझोले व्यापारियों को वर्तमान परिदृश्य में व्यापार को संचालित करने में तमाम प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

आंदोलन की चेतावनी

इस दौरान पालिका के आगे अधिकारियों से वार्ता के बाद व्यापारियों ने चेतावनी दी, कि यदि उनकी मांग पर संज्ञान नहीं लिया गया तो अप्रैल माह से नैनीताल में व्यापार बंदी करेंगे। इसमें अप्रैल माह में नैनीताल में रोजाना 2 घंटे प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।