नैनीताल: जयकारों से गुंजायमान हुआ पूरा कैंची धाम परिसर ऐतिहासिक और चमत्कारिक मेले के सफल समापन पर छलका उत्साह

नैनीताल: इस वर्ष आयोजित कैंची धाम स्थापना वर्ष मेले-2026 ने पिछले कई दशकों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मेले के सफल और शांतिपूर्ण समापन पर आयोजन समिति और मंदिर प्रबंधन ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं नैनीताल पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

कैंची धाम के स्थापना दिवस ने बनाया रिकॉर्ड

श्री कैंची मन्दिर समिति सचिव आलोक चोपड़ा, प्रबन्धक प्रदीप साह ने कहा कि हम पिछले 50 वर्षों से श्री कैची धाम की सेवा में हैं, अपने जीवन में ऐसा “चमत्कारिक” और ऐतिहासिक मेला नहीं देखा। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अप्रत्याशित थी। इसके बावजूद, प्रशासन और पुलिस विभाग की सूझबूझ और कड़ी मेहनत से पूरी व्यवस्था सुव्यवस्थित और समर्पित रही।
नैनीताल पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी। पुलिस कप्तान डॉ0 मंजूनाथ टी०सी० स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे और उनके विशेष प्रयास मेला समापन तक भी लगातार जारी रहे। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के कपाट और दर्शन का समय 1 घंटा और अधिक बढ़ाया गया, जिससे अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को भी बाबा के सुगम दर्शन प्राप्त हो सके।, एसएसपी नैनीताल ने भी सभी मंदिर समिति के सदस्यों एवं सेवादारों, स्थानीय जनता का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

भव्य आयोजन पर जताया हर्ष

आयोजन समिति ने बताया कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में राज्य सरकार का अभूतपूर्व और सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही कुमाऊं कमिश्नर, आईजी कुमाऊं, जिलाधिकारी, एसएसपी नैनीताल एवं पुलिस–प्रशासन के सभी अंगों ने मिलकर इस चुनौती को एक बड़ी सफलता में बदल दिया। समापन के अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने “नीब करोली बाबा की जय!” के उद्घोष के साथ अपनी खुशी और संतोष व्यक्त किया।

रहें मौजूद

इस दौरान डॉ0 जगदीश चंद्र एसपी नैनीताल, रेवाधर मठपाल एसपी संचार, श्री कैंची मन्दिर समिति सचिव आलोक चोपड़ा, प्रबन्धक प्रदीप साह, मंजुल कुमार जोशी सदस्य , ज्ञानेंद्र शर्मा निरीक्षक अभिसूचना, पीआरओ हेमा ऐठानी समेत मंदिर समिति के अन्य सदस्य, सेवादार एवं पुलिस अधिकारी/कर्मी मौजूद रहे।