सड़क हादसे में गर्भवती महिला की मौत, चमत्कार‌ से बची बच्ची की जान, डाॅक्टर भी हैरान

सड़क हादसे में एक 20 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत हो गई। इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

बच्ची के आंखें खोलते ही दुनिया छोड़ गयी मां-

जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद के नारखी के कोटला की रहने वाली 20 वर्षीय कामिनी की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र के चमोली निवासी राजू के साथ हुई थी। महिला नौ माह की गर्भवती थी। प्रसव की संभावित तारीख 25 जुलाई दी गई थी। बुधवार को वह अपने पति राजू के साथ बाइक पर बीमार चाचा को देखने मायके कोटला नारखी आ रही थी। गांव बरतरा के निकट राजू ने आगे चल रहे डंपर को ओवरटेक कर रहा था, उसी दौरान पीछे से दूसरी बाइक पर आ रहे युवक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे राजू की बाइक अनियंत्रित हुई और कामिनी गिरकर डंपर के पहिए के नीचे आकर कुचल गई। जिसमें महिला की मौत हो गई। उसी शाम महिला के चाचा की भी मौत हो गई। जिन्हें वह देखने जा रही थी।

बच्ची का बचना बताया ईश्वर का चमत्कार-

वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला के कुचलते ही प्रसव हो गया और बच्ची के रोने की आवाज आने लगी। यह देखकर लोग आश्चर्यचकित रह गए। जिसके बाद तुरंत नवजात को सरकारी ट्रामा सेंटर लाया गया और उपचार शुरू कराया। वही डाॅक्टरों का कहना है कि बच्ची का बचना ईश्वर का चमत्कार है। बच्ची को नाल सहित लाया गया था। तत्काल उसे उपचार दिया गया, फिलहाल वह ठीक है।