पिथौरागढ़ जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। सीमांत जिले पिथौरागढ़ स्थित नैनीसैनी हवाई अड्डे से जल्द नियमित विमान सेवा शुरू होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है पिथौरागढ़ से पंतनगर, देहरादून, हिंडन और भटिंडा के लिए सीधी उड़ान शुरू होगी।
इन स्थानों में शुरू की जाएगी हवाई सेवा
सीमांत जिले पिथौरागढ़ में लोग लंबे समय से नियमित हवाई सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं। यहां मार्च 2020 में प्लेन के रनवे में फिसलने के बाद नियमित हवाई सेवा बंद चल रही है। सूत्रों से पता चला है कि अब पिथौरागढ़ से पंतनगर, पंतनगर से देहरादून, देहरादनू से हिंडन, हिंडन से भटिंडा के लिए हवाई सेवा शुरू की जाएगी।
कंपनी को विमान उड़ाने के लिए डीजीसीए से प्रमाण पत्र मिलने का इंतजार
नियमित हवाई सेवा शुरू करने के लिए सितंबर पहले सप्ताह में ट्रायल लैंडिंग हो सकती है। जिला प्रशासन ने ट्रायल लैंडिंग की सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नैनीसैनी से उड़ान के लिए इस समय फ्लाई बिग कंपनी का 19 सीटर विमान देहरादून के जौलीग्रांड हवाई अड्डे पर है। कंपनी को विमान उड़ाने के लिए डीजीसीए से प्रमाण पत्र मिलने का इंतजार है।
जनता लंबे समय से नियमित हवाई सेवा की कर रही है मांग
आपदा की दृष्टि से अतिसंवदेनशील और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण पिथौरागढ़ जिले के लोग लंबे समय से नियमित हवाई सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं। दशकों बाद वर्ष 2019 में शुरू हुई नौ सीटर विमान सेवा का लाभ भी अधिक समय तक नहीं मिला है। हेलिकॉप्टर सेवा में अधिक किराया और अनियमित संचालन होने से कम ही यात्रियों ने इससे यात्रा में दिलचस्पी दिखाई।
हवाई सेवा से आपात स्थिति में घायल और मरीजों को हायर सेंटर पहुंचाने में होगी आसानी
अब हवाई सेवा के नाम तारीख पर तारीख पिछले दो सालों से बदली जा रही हैं। नियमित हवाई सेवा शुरू होने से यहां पर्यटन गतिविधियां बढ़ने की अधिक संभावना है। इसके अलावा आपदा की दृष्टि से अतिसंवेदनशील जिले पिथौरागढ़ के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू हो जाती है तो यहां से आपात स्थिति में घायल और मरीजों को हायर सेंटर पहुंचाने में आसानी होगी।
सितंबर पहले सप्ताह में की जाएगी ट्रायल लैंडिंग
रीना जोशी, डीएम पिथौरागढ़ ने बताया कि नियमित हवाई सेवा शुरू करने के लिए सितंबर पहले सप्ताह में ट्रायल लैंडिंग की जाएगी। इसके बाद ही नियमित हवाई सेवा शुरू हो पाएगी।