रामनगर: कार्बेट नेशनल पार्क में ‘नाइट स्टे’ बंद: ढिकाला और दुर्गादेवी जोन में सफारी पर भी लगा ब्रेक, जानें वजह

नैनीताल (रामनगर): विश्व प्रसिद्ध जिम कार्बेट नेशनल पार्क घूमने की चाह रखने वाले वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक जरूरी खबर है।

‘नाइट स्टे’ पर रोक

कार्बेट पार्क में पर्यटकों के लिए मिलने वाली ‘नाइट स्टे’ (रात्रि विश्राम) की सुविधा बीते कल सोमवार से पूरी तरह बंद हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके साथ ही कार्बेट के सबसे पसंदीदा ‘ढिकाला पर्यटन जोन’ में सुबह व दोपहर की पाली में चलने वाली कैंटर सफारी और ‘दुर्गादेवी पर्यटन जोन’ में जिप्सी सफारी पर भी रोक लगा दी गई है। अब सैलानियों को नाइट स्टे और इन प्रमुख जोनों में सफारी का लुत्फ उठाने के लिए 15 नवंबर तक का इंतजार करना होगा। आगामी 30 जून से बिजरानी जोन को भी डे विजिट के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
​सुरक्षा के लिहाज से लिया गया फैसला

​आमतौर पर कार्बेट पार्क के ढिकाला, बिजरानी, ढेला और झिरना पर्यटन जोन में नाइट स्टे की सुविधा हर साल 15 नवंबर से 14 जून तक ही दी जाती है। कार्बेट के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि मानसून सीजन की शुरुआत को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा के लिहाज से हर साल वन विश्राम गृहों में नाइट स्टे बंद कर दिया जाता है। बरसात के दिनों में जंगलों के भीतर नदी-नाले उफान पर आ जाते हैं और सफारी मार्ग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए यह कदम उठाया जाता है।