रुद्रप्रयाग: भरत सिंह रावत ने दी खगोल विज्ञान को चुनौती, किया दावा- ‘पृथ्वी नहीं लगाती सूर्य का चक्कर’

​रुद्रप्रयाग: विज्ञान की दुनिया में स्थापित और अकाट्य मानी जाने वाली उस अवधारणा पर सवाल खड़े हो गए हैं, जिसके तहत हम अब तक यह पढ़ते आए हैं कि पृथ्वी सूर्य की परिक्रमा करती है।

दी है चुनौती

जानकारी के मुताबिक रुद्रप्रयाग जिले के लोदला गांव (चोपता) के निवासी भरत सिंह रावत ने खगोल विज्ञान के इस स्थापित सिद्धांत को चुनौती दी है। उन्होंने इस संबंध में एक तीन पन्नों का लिखित दस्तावेज तैयार किया है, जिसका शीर्षक ‘पृथ्वी की गतियां’ है। अपने इस दस्तावेज में रावत ने पृथ्वी की गति को सरल रेखीय, वृत्तीय, घूर्णन और दोलन गति जैसे चार प्रकारों में बांटते हुए प्रचलित वैज्ञानिक मान्यताओं पर कई सवाल उठाए हैं।
भरत सिंह रावत का तर्क है कि यदि पृथ्वी लगभग 29 किलोमीटर प्रति सेकंड की तेज गति से सूर्य के चक्कर लगाती है, तो इस गति का प्रभाव पृथ्वी पर मौजूद हवा, पानी और अन्य वस्तुओं पर क्यों नहीं दिखाई देता? उन्होंने पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण और चंद्रमा की गति के बीच के तालमेल को लेकर भी नए सवाल खड़े किए हैं।

​ऋतुओं और खगोलीय घटनाओं को बनाया आधार

भरत सिंह रावत ने अपने तर्कों के समर्थन में तीन प्रमुख आधार रखे हैं-
1. ​ऋतुओं में अंतर: यदि धुरी के झुकाव और सूर्य की स्थिति से ऋतुएं बदलती हैं, तो उत्तरी और दक्षिणी गोलार्ध में सर्दी व गर्मी की अवधि अलग-अलग क्यों होती है?
2. ​दूरी और तापमान का समीकरण: पृथ्वी की सूर्य से दूरी सालभर बदलने के बावजूद तापमान और दिन की लंबाई में होने वाले अंतर को उन्होंने अपनी दलीलों का आधार बनाया है।
3. ​ग्रहण और तिथियां: एक वर्ष में होने वाली पूर्णिमा, अमावस्या और ग्रहण की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने सवाल किया है कि यदि पृथ्वी परिक्रमा करती है, तो इन खगोलीयीय घटनाओं की स्थिति को कैसे समझा जाए।
​
जानें क्या कहता है आधुनिक खगोल विज्ञान

आधुनिक विज्ञान के अनुसार, पृथ्वी अपनी धुरी पर घूमने के साथ-साथ करीब 29.8 किमी प्रति सेकंड की गति से सूर्य की परिक्रमा भी करती है। चूंकि पृथ्वी के साथ उसका वायुमंडल और अन्य वस्तुएं भी उसी गति से चल रही हैं, इसलिए हमें इस गति का सीधा अनुभव नहीं होता। तारों के वार्षिक लंबन और डॉप्लर प्रभाव जैसे वैज्ञानिक प्रमाण इसकी पुष्टि करते हैं। इसके अलावा, ऋतुओं का बदलना 23.5 डिग्री के झुकाव और चंद्रग्रहण का हर पूर्णिमा पर न होना चंद्रमा की कक्षा के 5 डिग्री झुके होने के कारण है। भले ही वैज्ञानिक कसौटी पर इन तर्कों की पुष्टि होना बाकी हो, लेकिन रुद्रप्रयाग के भरत सिंह रावत द्वारा उठाया गया यह कदम और उनका तीन पन्नों का दस्तावेज फिलहाल खगोल प्रेमियों और स्थानीय स्तर पर खासी चर्चा का विषय बना हुआ है।