बागेश्वर में सनसनीखेज वारदात: जीआईसी भटखोला के प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बागेश्वर: थाना झिरौली क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) भटखोला में आज सुबह एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। कॉलेज के प्रधानाचार्य दयानन्द टम्टा की कॉलेज के ही समीप चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई।

पुलिस की कार्यवाही

जिसके बाद पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। आज सुबह करीब 07:00 बजे जीआईसी भटखोला के प्रधानाचार्य दयानन्द टम्टा (पुत्र गिरधारी लाल) पर कॉलेज के पास ही आरोपी नवल किशोर सोराड़ी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मृतक के भाई और इसी कॉलेज में अध्यापक गोकुल चन्द्र की तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। थाना झिरौली में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या-10/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट में मामला पंजीकृत किया गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अल्मोड़ा और बागेश्वर की फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके के पास से ही हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू (आलाकत्ल) बरामद कर लिया है।


​किया गिरफ्तार

​वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। विवेचना के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक कपकोट और पुलिस टीम ने संयुक्त जाल बिछाया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी नवल किशोर सोराड़ी को करालागांव यात्री शेड (बागेश्वर रोड) के पास से धर दबोचा।पुलिस द्वारा फिलहाल आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके।