बागेश्वर: बागेश्वर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) भटकोला के प्रधानाचार्य की आज शनिवार सुबह स्कूल जाते समय रास्ते में चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई।
जानें पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा शनिवार सुबह रोज की तरह अपने घर से विद्यालय के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि आरोपी बाबू पहले से ही रास्ते में हाथ में चाकू लिए घात लगाकर खड़ा था। जैसे ही प्रधानाचार्य उस स्थान पर पहुंचे, आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के कई वार लगने से प्रधानाचार्य लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक स्तर पर घटना के कारणों का अभी पूरी तरह पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपसी या विभागीय रंजिश सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
जांच कर रही पुलिस
मृतक की पहचान दयानंद टम्टा (55 वर्ष), प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी विद्यालय का ही बाबू, जो वारदात के बाद से फरार है। इस हत्याकांड के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है। प्रधानाचार्य की मौत की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, परिचितों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं।