March 29, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

दुष्कर्म का आरोपित अस्पताल से हुआ फरार, दिल का दौरा पड़ने पर कराया था भर्ती

जेएएच अस्पताल ग्वालियर के कार्डियोलोडी से दुष्कर्म का आरोपित पुलिस को चकमा देकर शुक्रवार की तड़के भाग निकला। छतरपुर जेल में विचाराधीन बंदी को दिल का दौरा पड़ने पर स्थानीय जिला पुलिस की निगरानी जेल प्रहरी उसे इलाज के लिए यहां लाए थे। आरोपित कोर्डियोलोजी में भर्ती था। बंदी की निगरानी के लिए दो थानेदार व दो जेल प्रहरी जेल गेट के बाहर पहरा दे रहे थे। लेकिन वह किसी तरह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। छतरपुर पुलिस के साथ कंपू थाना पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी है।

चार दिन पूर्व जेल में पड़ा था दिल का दौरा

जानकारी के मुताबिक छतरपुर पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में राधाचरण यादव को गिरफ्तार किया था। कोर्ट के आदेश से आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। राधाचरण को चार दिन पूर्व जेल में दिल का दौरा पड़ा। हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय से बंदी को जेएएच के लिए रैफर किया गया। आरोपित को दो थानेदारों की निगरानी में दो जेल प्रहरी इलाज के लिए यहां लाए थे। राधाचरण यादव को कोर्डियोलोजी भर्ती कराया गया था। आइसीयू में गंभीर मरीज होने के कारण पुलिस को बंदी के साथ अंदर रहने की इजाजत नहीं थी। इसलिए यह लोग बारी-बारी से गेट पर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। तड़के बंदी को अस्पताल के बिस्तर से गायब देखकर इनके होश उड़ गए। जिसके बाद पुलिस ने पूरे जेएएच परिसर और आस पास की जगहों में आरोपित की तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। दोनों थानेदारों ने बंदी के भागने की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों की दी। अस्पताल से भागे बंदी के खिलाफ कंपू थाने में प्रकरण दर्ज कराया। अब छतरपुर व कंपू थाने की संयुक्त टीम बंदी की तलाश कर रही है। पुलिस जेएएच में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है कि बंदी किसी की मदद से तो नहीं भागा है।