अल्मोड़ा के मल्ला महल में जमा फीफा वर्ल्ड कप फाइनल का रोमांच, स्पेन-अर्जेंटीना के महामुकाबले की लाइव स्क्रीनिंग में देर रात तक झूमे फुटबॉल प्रेमी

अल्मोड़ा: ऐतिहासिक मल्ला महल परिसर में रविवार देर रात फीफा वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले का जबरदस्त खुमार देखने को मिला।

देखा मुकाबला

जिसमें जिलाधिकारी अंशुल सिंह की विशेष पहल पर आयोजित स्पेन बनाम अर्जेंटीना के फाइनल मैच की भव्य ‘लाइव स्क्रीनिंग’ का शहर के सैकड़ों फुटबॉल प्रेमियों, युवाओं और आम नागरिकों ने जमकर आनंद उठाया। देर रात तक आयोजन स्थल पर खेल का जुनून, तालियों की गड़गड़ाहट और जबरदस्त उत्साह का माहौल बना रहा।‌ आयोजन स्थल पर दर्शकों के लिए एक विशाल एलईडी (LED) स्क्रीन, धमाकेदार साउंड सिस्टम और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। मैच के दौरान पूरा परिसर दो खेमों में बंटा नजर आया, जहाँ दर्शक अपनी-अपनी पसंदीदा टीमों का पुरजोर समर्थन कर रहे थे। मैच के हर रोमांचक मोड़, गोल के प्रयास और बेहतरीन बचाव पर प्रशंसकों ने जमकर तालियां बजाईं और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
​युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना खास उद्देश्य

​इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य जिले के खेल प्रेमियों को एक साथ बैठकर विश्वस्तरीय खेल का आनंद लेने का अवसर देना है। कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य जिले के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि जगाना और स्थानीय स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत बनाना है। भविष्य में भी युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए इस तरह के सामुदायिक आयोजन निरंतर आयोजित किए जाएंगे। उपस्थित लोगों ने अल्मोड़ा में खेल भावना को बढ़ावा देने वाली इस अनूठी पहल के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह और प्रशासन का आभार जताया।