उत्तराखंड: युवती ने खुद को देवी पार्वती का अवतार बताकर कैलाश पर्वत से वापस लौटने से किया इंकार, जानिये क्या है वजह

दुनिया में हर कोई भगवान की शरण में समय बिताना चाहता है इसीलिए लोग अपने व्यस्त जीवन में भी समय निकालकर तीर्थ स्थानों की तरफ खींचें चले जाते हैं। भगवान कैलाश का निवास स्थान माना जाने वाला कैलाश पर्वत भी उन्हीं पावन स्थानों में से एक है।

युवती ने कैलाश पर्वत से वापस लौटने से किया इंकार

चीन बॉर्डर के करीब नाभीढांग में 17 हजार फीट की ऊंचाई पर मौजूद ओम पर्वत भी श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र माना जाता है। यहां आकर कोई भी वापस नहीं जाना चाहता। एक ऐसा ही वाकया यहां सामने आया है, जहां यूपी के लखीमपुर खीरी की 28 वर्षीय एक लड़की  हरप्रीत कौर अपनी माँ हरविंदर कौर के साथ कैलाश यात्रा पर गई, लेकिन अब वो वहां से वापस लौटने से साफ़ इंकार करने लगी है। उसका मानना है कि वह स्वयं देवी पार्वती का अवतार है और भगवान शिव के साथ विवाह करने की इच्छा रखती है।

मामले को लेकर खुफिया तंत्र और पुलिस प्रशासन अलर्ट

इस इलाके में बाहरी लोगों को प्रवेश के लिए सीमित अवधि का इनर लाइन पास लेना होता है। इस मामले के संज्ञान में आने के बाद प्रशासन और खुफिया तंत्र भी अलर्ट मोड में आ गया है। इसके अलावा पुलिस प्रशासन ने बताया कि हरप्रीत के दिमागी हालत ठीक नहीं है और उसे नीचे लाने का प्रयास अब तक असफल रहा है, जिसके बाद फिर से हरप्रीत को वापस नीचे लाने के लिए पुलिस और मेडिकल की एक टीम भेजी गयी है, सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हुई हैं कि युवती कैलाश से कब तक वापस लौटेगी।