अल्मोड़ा में त्योहारों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ‘उत्पीड़न’ वाली चेकिंग के खिलाफ व्यापारियों का फूंटा गुस्सा,  देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

​अल्मोड़ा: देवभूमि उद्योग नगर व्यापार मंडल, अल्मोड़ा ने आगामी त्योहारों (दीपावली, दशहरा, रक्षाबंधन) के दौरान खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग द्वारा की जाने वाली चेकिंग पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

सौंपा ज्ञापन

जिस पर व्यापारियों ने देवभूमि उद्योग नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’ के निर्देशन में ज़िलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि त्योहारों के समय, जब वे पूरे साल की मेहनत की कमाई की उम्मीद में बैंक से लोन लेकर और अपनी लिमिट बढ़ाकर स्टॉक तैयार करते हैं, विभाग “ज़बरन” चेकिंग के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न करता है।‌व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय शाह (रिक्खू) और ज़िला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने कहा कि खाद्य विभाग की यह कार्रवाई व्यापारियों में दहशत पैदा करती है। ज्ञापन में दावा किया गया है कि आज तक विभाग के पास कोई ऐसा मामला नहीं आया है जिससे यह साबित हो सके कि अल्मोड़ा शहर में नकली खोया या पनीर जैसे मिलावटी खाद्य पदार्थों का इस्तेमाल हो रहा है। व्यापारियों का मानना है कि इस तरह की “भ्रामक खबरों” से स्थानीय व्यापार और अल्मोड़ा शहर की सांस्कृतिक पहचान को भी नुकसान पहुँचता है।

​जाँच के तरीकों पर सवाल

व्यापारियों ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के पास जाँच के लिए “उपयुक्त उपकरणों” की कमी पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना ठोस सबूत के मिठाई की गुणवत्ता पर संदेह करना और चेकिंग अभियान चलाना गलत है। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से अनुरोध किया गया है कि अगर त्योहारों पर मिठाई बनाने के लिए नकली खोया या पनीर का इस्तेमाल हो रहा है, तो खाद्य विभाग को लोधिया बैरियर और ज़िले की अन्य सीमाओं पर “सघन जाँच अभियान” चलाना चाहिए। व्यापारियों का कहना है कि नकली खाद्य पदार्थ बेचने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए, न कि स्थानीय व्यापारियों का उत्पीड़न हो।

की यह अपील

व्यापारी मंडल ने ज़िलाधिकारी से निवेदन किया है कि समस्त व्यापारियों के हितों और जनमानस के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को उचित निर्देश दिए जाएँ, ताकि त्योहारों के दौरान व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी न हो और जन सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

​रहें उपस्थित

देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, जिला महामंत्री संगठन निकेश उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष मदन रावत, हिमांशु बिष्ट, जिला संगठन मंत्री हरि कृष्ण खत्री, नीरज थापा ‘बिट्टू’, जिला संयुक्त महामंत्री नमन गुरुरानी, सुधीर गुप्ता, जिला महामंत्री हिमांशु कांडपाल, लोधिया व्यापार मंडल अध्यक्ष पूरन लटवाल, मनोज लटवाल, किशन नेगी, हरीश जोशी, संजय बिष्ट, धीरज खोलिया, गोविंद रावत आदि व्यापारी उपस्थित रहे।
​