उत्तराखंड: उत्तराखंड की राजनीति जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का आज सुबह निधन हो गया है।
शोक की लहर
वह पिछले लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन एवं प्रशासन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट जी का निधन प्रदेश कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। राजेंद्र सिंह भंडारी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “उनके निधन से प्रदेश कांग्रेस ने एक अनुभवी, संघर्षशील और प्रेरणादायी नेतृत्व को खो दिया है। उनका पूरा जीवन जनता की सेवा और कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने में बीता। उनके निधन की खबर से उत्तराखंड कांग्रेस और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
राज्य निर्माण में निभाई अहम भूमिका
हीरा सिंह बिष्ट का उत्तराखंड राज्य गठन से पहले और बाद के दौर में प्रदेश कांग्रेस संगठन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे संगठन में कई वरिष्ठ पदों पर रहे और वर्तमान में भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और संगठन को मजबूत करने में समर्पित किया।