◆ राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते में वृद्धि के आदेश जारी कर दिये है। सातवां वेतनमान ले रहे कार्मिकों को तीन प्रतिशत की वृद्धि के बाद अब 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्रतिमाह मिलेगा। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नियमित भुगतान एक मई यानी जून माह में देय वेतन के साथ होगा।
◆ राज्य के छावनी क्षेत्रों के सैनिकों, पूर्व सैनिकों और अन्य लोगों को भूमि संबंधी मामलों के लिए अब मेरठ और बरेली के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बताया कि देहरादून में रक्षा संपदा कार्यालय और रानीखेत में उप रक्षा संपदा कार्यालय खोला जा रहा है।
◆ अस्थियां विसर्जित करने हरिद्वार आ रहे खानपुर विधायक उमेश कुमार के गनर (उत्तराखंड पुलिस का सिपाही) का टोल प्लाजा कर्मियों ने मारपीट करते हुए सिर फोड़ दिया। टोल प्लाजा के छह कर्मियों को हिरासत में ले लिया गया है।
◆ उत्तराखंड बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट छात्रों के लिए रजिस्ट्रेशन को नियम बदल लिया है। अब बोर्ड के छात्रों का सिर्फ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन ही होगा। अभी तक छात्रों का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाता था।
◆ एक जून को उत्तराखंड में कोरोना के आठ नए मामले सामने आए हैं वहीं नौ मरीज स्वस्थ भी हुए। अब राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 63 है।
◆ अन्य राज्यों के खिलाड़ियों को अब उत्तराखंड की मुख्य क्रिकेट टीम में आसानी से प्रवेश नहीं मिल पाएगा। इसके लिए दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों को पहले दो वर्ष तक क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखंड (सीएयू) के घरेलू सत्र में हिस्सा लेना होगा।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाए।
◆ उत्तराखण्ड केचमोली जिलेमें_स्थित विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी आज से पर्यटको के लिए खोल दी गई है। फूलों के शौकीन पर्यटक अब घाटी में फूलों के दीदार कर सकेंगे। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर दी गई हैं।
◆ श्री केदारनाथ धाम में दर्शन को सुगम बनाने के लिए टोकन व्यवस्था शुरू की गई है। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि अब यात्रियों को बाबा के दर्शन के लिए लंबी लाइन में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। कहा- यात्रियों को दर्शन के लिए टोकन दिए जाएंगे और वे आसानी से बाबा के दर्शन कर सकेंगे।
◆ शिक्षा मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत ने आज गुजरात के गांधीनगर में आयोजित राष्ट्रीय विद्यालयी शिक्षा सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस मौके पर उन्होंने इंटरनेशनल ऑटोमोबाइल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस(IACE), नेशनल फोरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी(NFSU), विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) एवं भास्कराचार्य नेशनल इंस्टीट्यूट फ़ॉर स्पेस एप्पलीकेशन एंड जिओ इंफॉर्मेटिक्स (BISAG) का निरीक्षण कर संस्थानों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।