उत्तराखंड 2027 चुनाव: आगामी विधानसभा चुनाव सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लड़ेगी भाजपा: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन के मंच से आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व पर अंतिम मुहर लगा दी है।

कहीं यह बात

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिवालिक कालेज आफ इंजीनियरिंग के सभागार में आयोजित ‘विकसित भारत 2047: उच्च शिक्षा की परिवर्तनकारी भूमिका’ विषय पर प्रबुद्ध जन गोष्ठी को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने राज्य सरकार के कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विकास व सुशासन के नए मानक स्थापित हुए हैं। हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर और रिवर फ्रंट जैसे दूरदर्शी कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी मां गंगा की निस्वार्थ सेवा कर रहे हैं, जिसका आशीर्वाद उन्हें अवश्य मिलेगा। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि धामी के कुशल नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2027 के चुनाव में एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ मजबूत सरकार बनाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सीएम धामी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी का आमजन से सरल संवाद और आत्मीय संबंध ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। इसी के बल पर राज्य लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर उत्तराखंड ने देश में एक नई मिसाल कायम की है, जिस पर आज हर भारतवासी को गर्व है।

महिला सशक्तीकरण और मिल रहा रोजगार को बढ़ावा

नितिन नवीन ने सरकार के लोककल्याणकारी फैसलों को रेखांकित करते हुए कहा कि सीएम धामी ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देकर महिला सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। इसके अलावा, होम-स्टे योजना के विस्तार से जहां पर्यटकों को घर जैसा माहौल मिल रहा है, वहीं स्थानीय निवासियों के लिए आय के नए स्रोत विकसित हुए हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल संचालन, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और पर्यटन विस्तार के लिए भी सरकार की पीठ थपथपाई।


कहा- युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की भागीदार

गोष्ठी के बाद आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ में युवाओं से मुखातिब होते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा युवाओं को केवल मतदाता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण भागीदार मानती है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा अवसरों के एक नए युग का साक्षी बन रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ रोकने के लिए राज्य में देश का सबसे सख्त ‘नकल विरोधी कानून’ लागू किया गया है, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पूरी पारदर्शिता आई है। सीएम धामी ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य के 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई गई हैं, और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।