उत्तराखंड: आज 21 जून 2026 है। आज दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। आज 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देवभूमि उत्तराखंड पूरी तरह योग के रंग में सराबोर रही।
योग का बताया महत्व
राज्य भर में विभिन्न स्थानों पर भव्य योग शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। जानकारी के अनुसार इस उपलक्ष्य में चंपावत के बनबसा मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की और जनता के साथ योग कर नई ऊर्जा का संचार किया। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। योग चंचल मन को नियंत्रित कर विचारों को उच्च बनाता है और बिगड़ी जीवनशैली को सुधारता है। पीएम मोदी के प्रयासों से आज दुनिया के 190 देशों में योग किया जा रहा है। हमारी संस्कृति के ‘वसुधैव कुटुंबकम’ (विश्व हमारा परिवार है) के संदेश को योग ने वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाया है।
योग वेलनेस सेंटरों के लिए इतने लाख की सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में विकसित कर रही है। इसके तहत योग वेलनेस सेंटर खोलने के लिए सरकार अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी प्रदान कर रही है।