उत्तराखंड: मांगों को लेकर आर-पार के मूड में आशा वर्कर्स: इतने नवंबर को देहरादून में विशाल रैली व सचिवालय कूच, अनिश्चितकालीन हड़ताल की भी चेतावनी

​उत्तराखंड: न्यूनतम वेतन, राज्य कर्मचारी का दर्जा और पेंशन सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन (संबद्ध ऐक्टू) ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है।

किया यह ऐलान

जिस पर यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल के नेतृत्व में आगामी 22 नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड से सचिवालय व मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा। इस विशाल रैली में अल्मोड़ा जिले सहित प्रदेश भर से सैकड़ों आशा कार्यकर्ता शामिल होंगी और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगी। यूनियन नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार को 10 साल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल को 6 साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ मानी जाने वाली आशाओं की मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। काम का बोझ लगातार बढ़ने के बावजूद उन्हें न तो न्यूनतम वेतन मिल रहा है और न ही कर्मचारी का दर्जा। नेताओं ने बताया कि सितंबर माह में हर मंगलवार को प्रदर्शन और 29 सितंबर की चेतावनी रैली के बाद 24 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन किया गया, लेकिन शासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 22 नवंबर के देहरादून कूच के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो प्रदेश भर की आशाएं कार्यबहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगी।

​यूनियन की प्रमुख मांगें

• ​मानदेय और वादा पूर्ति: डीजी हेल्थ द्वारा 2021 में तैयार किए गए 11,500 रुपये मासिक मानदेय के प्रस्ताव को लागू करने संबंधी मुख्यमंत्री के खटीमा में किए गए वादे को तत्काल पूरा किया जाए।
• ​स्थायीकरण व पेंशन: आशाओं को न्यूनतम वेतन, राज्य कर्मचारी का दर्जा देने और सेवानिवृत्ति पर अनिवार्य आजीवन पेंशन का प्रस्ताव विधानसभा से पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए।
• ​रिटायरमेंट राशि: सेवानिवृत्ति के समय आशाओं को 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि देने की घोषणा की जाए।
• ​एनएचएम और छंटनी पर रोक: नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) का बजट बढ़ाकर इसमें एनजीओ की भूमिका समाप्त की जाए और सभी कार्य सीधे स्वास्थ्य विभाग से कराए जाएं। साथ ही, मनमाने बहानों से आशाओं की छंटनी पर तत्काल रोक लगे।
• ​सम्मान और स्वास्थ्य सुविधाएं: सरकारी अस्पतालों के प्रभारियों को आशाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के सख्त निर्देश जारी किए जाएं और अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के रिक्त पदों को तुरंत भरा जाए।

​किया आह्वान

22 नवंबर की देहरादून रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल के साथ कला बिष्ट, सुधा आर्या, सुमन बिष्ट, ममता आर्या, भगवती शर्मा, राधा रानी, दुर्गा टम्टा, दीपा अधिकारी, नीलम देवी और कांति देवी सहित कई आशा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर की आशा कर्मियों से अधिक से अधिक संख्या में परेड ग्राउंड पहुंचने का आह्वान किया है।