उत्तराखंड: उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी अपने शीर्ष केंद्रीय नेतृत्व को मैदान में उतारने की रणनीति तैयार की है।
यह रणनीति तैयार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी सूत्रों और प्रदेश नेतृत्व के अनुसार, अगले तीन सप्ताह यानी 15 दिसंबर तक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की प्रदेश में नौ जनसभाएं आयोजित करने की रूपरेखा बनाई गई है। पार्टी की प्रस्तावित रणनीति के तहत प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में जनसभाओं के लिए कुल 13 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इनमें पिथौरागढ़, गौचर, अल्मोड़ा, पौड़ी, सहसपुर, डोईवाला, चिन्यालीसौड़, हरिद्वार, रुड़की, रुद्रपुर, काशीपुर, नैनीताल और हल्द्वानी शामिल हैं। इन्हीं में से नौ प्रमुख स्थानों का चयन कर इन तीनों शीर्ष नेताओं की अलग-अलग सभाएं कराई जाएंगी। वहीं इस संबंध में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री (संगठन) राजेंद्र भंडारी ने जानकारी दी कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के इन प्रस्तावित कार्यक्रमों की अंतिम तिथियां जल्द ही तय कर दी जाएंगी।