उत्तराखंड: मुख्य सचिव डाॅ.एस.एस. सन्धु ने कोविड प्रबंधन हेतु नोडल अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए ये निर्देश

मुख्य सचिव डाॅ.एस.एस. सन्धु ने शुक्रवार को सचिवालय में कोविड प्रबंधन हेतु नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य सचिव ने सभी नोडल अधिकारियों को होम आइसोलेशन और उससे सम्बन्धित सभी आवश्यक तैयारियों को एक्टिव मोड में रखे जाने के निर्देश दिए हैं।

दवाएं एवं अन्य सामग्री पूर्व में ही उचित मात्रा में उपलब्ध करा दी जाएं

मुख्य सचिव ने सचिव स्वास्थ्य को निर्देश दिए कि पी.एच.सी एवं सी.एच.सी लेवल तक सभी आवश्यक उपकरण, दवाएं एवं अन्य सामग्री पूर्व में ही उचित मात्रा में उपलब्ध करा दी जाएं। उन्होंने कहा कि कोविड की दूसरी लहर के मुकाबले प्रदेश में ऑक्सीजन की उपलब्धता बेहतर स्थिति में है।

इलेक्ट्राॅनिक, प्रिंट और सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन में जागरूकता के लिए प्रचार प्रसार के निर्देश दिए

उन्होंने इलेक्ट्राॅनिक, प्रिंट और सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन में जागरूकता हेतु लगातार प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हिंदी और स्थानीय भाषाओं में छोटी-छोटी वीडियोज के माध्यम से आमजन को इसके प्रति सजग किए जाने की आवश्यकता है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को प्रदेशभर में सफाई व सेनिटाइजर छिड़काव के लिए अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों में मास्क न पहनने वालों के साथ ही थूकने और इधर-उधर कचरा फेंकने वालों के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई और चालान अभियान चलाए जाने के भी निर्देश दिए हैं।