उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेश के विकास का रोडमैप पेश किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2035 तक ‘विकसित उत्तराखंड’ बनाने का संकल्प दोहराते हुए युवाओं, महिलाओं और किसानों के हित में सात प्रमुख घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने की यह प्रमुख घोषणाएं
• युवा आयोग का गठन: उत्तराखंड में पहली बार ‘राज्य युवा आयोग’ की स्थापना की जाएगी।
• विशेष औद्योगिक पार्क: चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा जिलों में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
• PM आवास योजना में राज्यांश बढ़ा: प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के लिए राज्य सरकार का अंशदान ₹50 हजार से बढ़ाकर ₹75 हजार कर दिया गया है।
• युवा स्वरोजगार योजना: 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना’ शुरू होगी। इसके तहत IIT व IIM जैसे संस्थानों से मुफ्त प्रशिक्षण और बैंक लोन पर 30% की सब्सिडी मिलेगी।
• सीमांत क्षेत्रों को प्रोत्साहन: सीमावर्ती गांवों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार व उद्यम शुरू करने के लिए अतिरिक्त वित्तीय मदद मिलेगी।
• भूमिधरी अधिकार: वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।
• बाल वीरता पुरस्कार: राज्य के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ की शुरुआत होगी।