उत्तराखंड: मानसून पर भारी श्रद्धालुओं की आस्था: उत्तराखंड चारधाम यात्रा में बना नया रिकॉर्ड, इतने लाख से अधिक यात्रियों ने किए चारधाम के दर्शन

उत्तराखंड: उत्तराखंड में भारी बारिश और मानसून की चुनौतियों के बावजूद चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

श्रद्धालुओं में उत्साह

आपदा की आशंका और कठिन रास्तों के बीच आस्था का सैलाब लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस वर्ष 21 अगस्त तक 48 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं, जो कि पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 5.22 लाख अधिक है। वहीं इस बार की यात्रा में यमुनोत्री धाम ने एक नया इतिहास रच दिया है। पहली बार यमुनोत्री पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों का आंकड़ा 6.68 लाख के पार पहुंच गया है, जबकि पिछले पूरे वर्ष में यह संख्या 6.44 लाख थी। वहीं, बदरीनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहां पिछले साल के मुकाबले इस बार 3.62 लाख अधिक यात्री पहुंचे हैं।

धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा

• ​बदरीनाथ धाम: 16.54 लाख
• ​केदारनाथ धाम: 14.65 लाख
• ​गंगोत्री धाम: 7.47 लाख
• ​यमुनोत्री धाम: 6.68 लाख
• ​हेमकुंड साहिब: 2.69 लाख (2,69,430)