उत्तराखंड: उत्तराखंड में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी और त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
किया जाएगा प्रशिक्षित
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान (NIDM) के सहयोग से यह खास पहल की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके तहत राज्य से लेकर जिला स्तर तक के अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न विभागों से जुड़े कार्मिकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा। बताया कि इसके लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों के कार्मिकों के लिए उनकी भूमिका के अनुसार विशेष प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे, ताकि आपदा के दौरान सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर सकें।
प्रत्येक जिले में तैयार होंगे मास्टर ट्रेनर
जिसमें राज्य में प्रशिक्षण प्रणाली को मजबूत और सतत बनाने के लिए पहले चरण में हर जिले से 10-10 ‘मास्टर ट्रेनर’ तैयार किए जाएंगे। NIDM द्वारा विशेष रूप से प्रशिक्षित ये मास्टर ट्रेनर आगे चलकर अपने-अपने जिलों में स्थानीय कार्मिकों और हितधारकों को ट्रेनिंग देंगे। इसी तर्ज पर राज्य स्तर पर भी मास्टर ट्रेनरों का एक मुख्य समूह तैयार किया जाएगा, जो पूरे प्रदेश में क्षमता विकास गतिविधियों का मार्गदर्शन करेगा।