उत्तराखंड: उत्तराखंड में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में कांग्रेस ने संगठन को धार देते हुए नए जिला प्रभारियों और पदाधिकारियों की नियुक्ति की है, वहीं दूसरी ओर भाजपा सरकार के पांच साल के विकास कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखने के लिए 26 नवंबर से ‘मिशन-2027’ की शुरुआत करने जा रही है।
कांग्रेस ने जारी की पदाधिकारियों की सूची
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग ने नवनियुक्त जिला प्रभारियों और पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है। सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थापर ने बताया कि ये नियुक्तियां आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और अभियानों को प्रभावी ढंग से चलाने के उद्देश्य से की गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रचार-प्रसार और चुनावी अभियान को घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
26 नवंबर को आएगा भाजपा का रिपोर्ट कार्ड
दूसरी ओर, भाजपा ने चुनावी तैयारियों के तहत पांच वर्षों की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया है। भाजपा की प्रदेश महासचिव दीप्ति रावत भारद्वाज ने बताया कि 26 नवंबर को पार्टी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर यह रिपोर्ट कार्ड जारी किया जाएगा। इस रिपोर्ट कार्ड में सरकार के प्रमुख विकास कार्यों, जन कल्याणकारी योजनाओं, नीतिगत फैसलों, रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विस्तार, पर्यटन विकास और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी उपलब्धियों का ब्योरा शामिल होगा।