उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के देहरादून में शिमला बाईपास रोड पर सेंट ज्यूड्स स्कूल के पास एक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में डीएवी पीजी कालेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह बिष्ट की मौत हो गई।
सड़क हादसे में एक की मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस के अनुसार जितेंद्र बिष्ट एबीवीपी से वर्ष 2018 में छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे। उनका सेंट ज्यूड्स चौक के पास श्री गणेश प्रापर्टी नाम से कार्यालय है। शनिवार को जितेंद्र के दोस्त वासू का जन्मदिन था। सभी दोस्त केक काटने के लिए जितेंद्र बिष्ट के कार्यालय में एकत्र हुए। रात करीब आठ बजे केक काटने के बाद सभी घर जाने के लिए कार्यालय से बाहर आ गए। तभी सेंट ज्यूड्स चौक से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर आई तेज रफ्तार निशान माइक्रा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जितेंद्र कार के नीचे आ गए, जबकि ऋतिक भी चपेट में आ गए। इस हादसे में जितेंद्र की मौत हो गई। वहीं उनका साथी घायल हो गया। ऋतिक को वेलमेड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कार सवार फरार हो गया है। पुलिस ने कुछ ही दूरी पर कार को बरामद कर लिया। पुलिस जांच कर रही है।