उत्तराखंड: कूटरचित दस्तावेजों के जरिए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के मामले में मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू और उसके भतीजे सतेंद्र राठौर की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
अदालत का आदेश
इस मामले में बुधवार को न्यायालय ने दोनों आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पंचम अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) अंजलि बेंजवाल की अदालत में इस मामले पर करीब दो घंटे तक बहस चली। सुनवाई के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट की कार्यवाही से जुड़ीं। सुनवाई के दौरान सतेंद्र राठौर के अधिवक्ता ने दलील दी कि इस पूरे प्रकरण में उनके मुवक्किल की कोई भूमिका नहीं है। इसका विरोध करते हुए अभियोजन पक्ष ने कहा कि जांच के दौरान सामने आए बयानों के आधार पर सतेंद्र का नाम मुकदमे में शामिल किया गया है और वह मुख्य आरोपी गिरधारी लाल के साथ सभी मामलों में बराबर का भागीदार है। अभियोजन ने अदालत को बताया कि मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और मोबाइल फोन की बरामदगी होना अभी बाकी है। जमानत मिलने पर आरोपी साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को गंभीर मानते हुए दोनों की जमानत अर्जी नामंजूर कर दी।