March 28, 2023

Khabribox

Aawaj Aap Ki

उत्तराखंड: हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पर साधा निशाना, कहा खनन प्रेमी मुख्यमंत्री

 1,080 total views,  2 views today

उत्तराखंड: उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के विरोध में पूरे प्रदेश में पदयात्रा निकाल रहे हैं। हरीश ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा में पदयात्रा निकाल विरोध जताया। लालढांग क्षेत्र में निकाली गई इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर ये 21वीं पदयात्रा है और पूरे उत्तराखंड में ये पदयात्रा निकाली जाएगी।

किसानों में भारी आक्रोश

हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड सरकार के खिलाफ किसानों में भारी आक्रोश है। भाजपा सरकार के राज में गन्ने का मूल्य घोषित नहीं किया जा रहा है। किसानों का धान बिक नहीं रहा है और उन्हें खाद तक मुहैया नहीं कराया जा रहा है। इस दौरान पूर्व सीएम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री को खनन प्रेमी मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने आरोप लगाया पूरे उत्तराखंड में नदियों को खोदा जा रहा है। इस बार की बरसात उत्तराखंड में भारी पड़ने वाली है। चाहे बाढ़ आये या पुल बहे लेकिन खनन प्रेमी मुख्यमंत्री ने तय कर लिया है कि अवैध खनन जरूर करना है।