उत्तराखंड: यहां घर में सो रही महिला को जबड़े में पकड़कर ले जाने लगा, पति ने दिखाई हिम्मत, ऐसे बचाई जान

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग में गुलदार के हमले का एक मामला सामने आया है।

गुलदार का हमला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार तड़के चार बजे नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के अंतर्गत नाकोट गांव में यह घटना घटी। तब अचानक दरवाजा तोड़कर गुलदार कमरे में घुस गया। उसने नत्थी लाल की पत्नी कुशला देवी पर हमला कर दिया और उसे घसीटने लगा। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर पास में सो रहे तीन बच्चे और नत्थी लाल भी जाग गया। जिसके बाद पति ने हिम्मत से काम लिया और घर में रखे डंडे से गुलदार पर वार कर दिया। इस पर गुलदार और आक्रामक हो गया। वह नत्थी लाल पर झपटने लगा, लेकिन लगातार वार करने से गुलदार भाग गया।

गांव में बढ़ाई गश्त

वहीं इस हमले से महिला के मुंह और सिर पर चोट आई है। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्तयमुनि में भर्ती कराया गया है। उसके मुंह पर सात टांके लगाए गए हैं। इस घटना के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।