उत्तराखंड: स्वतंत्रता दिवस पर पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, सीसीटीवी से भी पैनी नजर

उत्तराखंड: आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह के दृष्टिगत उत्तराखंड में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

जिस पर प्रदेश की सभी सीमाओं के प्रवेश स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख सरकारी भवनों, सार्वजनिक स्थलों और मुख्य समारोह स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को अत्यधिक कड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और खुफिया तंत्र को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने और त्वरित कार्रवाई करने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं गृह मंत्रालय से प्राप्त इनपुट के आधार पर गृह विभाग ने केंद्रीय सूची में शामिल वांछितों और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के नाम सभी जिलों के साथ साझा कर दिए हैं।

रहेगी पैनी नजर

सभी जिलों के रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, बाजारों, होटलों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर बम निरोधक दस्तों और डॉग स्क्वाड के जरिए गहन चेकिंग व निगरानी बढ़ाई जाएगी।‌ प्रमुख समारोह स्थलों और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी तथा सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रहेगी।