श्रीनगर गढ़वाल: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय का नया शिक्षण सत्र (2026-27) आगामी 13 जुलाई से शुरू हो रहा है।
इन निर्णयों पर मुहर
जिसमें इस बार छात्रों को कैंपस में कई बड़े बदलाव और नए विषय देखने को मिलेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते सोमवार को कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक एकेडमिक काउंसिल (एसी) की बैठक हुई। जिसमें इस संबंध में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगी। इस बैठक में कुल 18 प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिसमें से 11 पीएचडी अवार्ड को मंजूरी देने के साथ ही नए कोर्स और भाषाओं को शामिल किया गया है। विश्वविद्यालय में अब पारंपरिक रूप से पढ़ाई जाने वाली हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत के अलावा मराठी और उड़िया भाषा की भी पढ़ाई होगी। इसके साथ ही कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि आगामी शिक्षण सत्र 2027-28 से स्नातक (UG) स्तर पर गढ़वाली भाषा को भी शामिल किया जाएगा, जिसके लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
कंप्यूटर साइंस और प्रोफेशनल कोर्स को मंजूरी
इसके अलावा विश्वविद्यालय में अब दो वर्षीय एमएससी कंप्यूटर साइंस कोर्स शुरू होगा। इसमें कुल 45 सीटें होंगी, जिसमें प्रथम वर्ष में 15 और द्वितीय वर्ष में 30 सीटें निर्धारित की गई हैं।ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग कार्यक्रम के तहत अब व्यावसायिक पाठ्यक्रम जैसे BB, MBA और B.Com शुरू करने की मंजूरी दे दी गई है। अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, हिंदी और मानवशास्त्र विषयों को ऑनलाइन माध्यम से शुरू करने के लिए प्रस्ताव यूजीसी (UGC) को भेजने का निर्णय लिया गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत ‘नान सीजीपी’ (Non-CGPA) में चार नए विषयों को मंजूरी दी गई है। साथ ही एग्रीकल्चर बोर्ड ऑफ स्टडी और मानवाधिकार से जुड़े प्रस्तावों को भी पास किया गया है।