उत्तराखंड: आपदा पीड़ितों से मिले पीएम नरेंद्र मोदी, सुना दर्द, दिया हरसंभव मदद का भरोसा


उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। देश के‌ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तराखंड पंहुचे। एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरप्रीत सिंह ने उनका भव्य स्वागत किया।

आपदा पीड़ितों से की मुलाकात

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खराब मौसम के कारण पीएम नरेंद्र मोदी का हवाई सर्वेक्षण रद्द किया गया था। उन्होंने देहरादून में ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इससे पहले उन्होंने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर ही आपदा प्रभावितों से मुलाकात की। उन्होंने रुद्रप्रयाग जिले के आपदा प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की उनके दुख-दर्द को सुना। प्रधानमंत्री से सीधे संवाद कर पीड़ितों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर उन्हें नुकसान की भरपाई और आवश्यक सहायता मिलने की उम्मीद जगी है। साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी ने हर समस्या को गंभीरता से सुना और आवश्यक मदद का आश्वासन दिया।

दिया यह आश्वासन

रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने प्रभावितों को आश्वासन  दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार उनके साथ खड़े हैं। प्रभावितों को हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि धराली में अपना सबकुछ गंवाने वालों के पुनर्वास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी, जरूरत पड़ने पर नियमों में भी संशोधन किया जाएगा। इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के लिए 1200 करोड़ रुपये की तात्कालिक राहत सहायता की भी घोषणा की। साथ ही उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, राज्य प्रशासन और अन्य सेवा संगठनों के राहत व बचाव प्रयासों की सराहना की।