उत्तराखंड: पुलिस का एक्शन, 1200 नशीले कैप्सूल के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार, बाइक जब्त

चंपावत (उत्तराखंड):‌ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ संकल्प को साकार करने के लिए चंपावत पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।

पुलिस की कार्यवाही

इसी क्रम में एसओजी (SOG) व बनबसा पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान दो शातिर नशा तस्करों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।‌ जानकारी के अनुसार, एसओजी और बनबसा पुलिस की टीम स्ट्रांग फार्म बनबसा के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 5 बॉक्स में कुल 1200 पायवोक्सी स्पास प्लस प्रतिबंधित नशे के कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। अभियुक्तों की पहचान कमल अंसारी (पुत्र मोहम्मद अशरफ अंसारी) — निवासी: इस्लामनगर, खानका मजार के पास, खटीमा (उधमसिंह नगर) व वसीम अंसारी उर्फ लल्ला (पुत्र लल्लन अंसारी) — निवासी: खटीमा (उधमसिंह नगर) के रूप में हुई है।‌ पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।